25.7 C
New Delhi
Wednesday, March 4, 2026

हिमाचल के रेल प्रोजेक्टों को मिलेगी स्पीड, जल्द होंगे पूरे, दौड़ेगी ट्रेन

Join whatsapp channel Join Now
Join Telegram Group Join Now

नयी दिल्ली /खुशबू पाण्डेय : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज यहां रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ मुलाकात कर राज्य में रेल नेटवर्क के विस्तार का आग्रह किया। मुख्यमंत्री के साथ केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने रेलमंत्री से राज्य में रेल नेटवर्क के विस्तार का आग्रह किया। साथ ही कहा कि राज्य सरकार भानुपल्ली-बिलासपुर रेल लाईन के कार्य को गति देने के लिए हर प्रयास कर रही ताकि इसे शीघ्र पूरा किया जा सके। उन्होंने रेलमंत्री से इस रेलवे लाईन के कार्य में तेजी लाने का आग्रह करते हुए कहा कि इस लाईन का लेह तक विस्तार करना सामरिक दृष्टि से भी बहुत महत्त्वपूर्ण है। इस लाइन का पूर्ण सर्वेक्षण पूरा हो चुका है और इस मामले में आगामी कार्यवाही का आग्रह किया। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने बद्दी-चंडीगढ़ रेल लाइन पर शीघ्र कार्य शुरू करने का भी आग्रह किया। साथ ही बताया कि हिमाचल प्रदेश की ओर से भूमि अधिग्रहण का कार्य किया जा चुका है। यह बद्दी-अमृतसर-कोलकाता गलियारे से जुडऩे और क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में सहायक होगा। उन्होंने बद्दी की ओर से कार्य शुरू करने का आग्रह किया, क्योंकि यहां सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई हैं।

-हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने की रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात
-कालका-शिमला रूट पर स्टेट-ऑफ आर्ट रेल शुरू करने का सुझाव
-मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से रेल लाईन के विस्तार के मामले पर चर्चा की
-ऊना हमीरपुर रेल लाईन पर शीघ्र कार्यवाही करने का आग्रह किया

उन्होंने जगाधरी-पांवटा साहिब रेल लाईन के सर्वेक्षण का भी आग्रह किया जो कि काला अम्ब औद्योगिक क्षेत्र को बद्दी-अमृतसर-कोलकाता गलियारे से जोडऩे में सहायक होगा। उन्होंने रेल मंत्री से कालका-शिमला रेल ट्रैक को स्तरोन्नत करने का आग्रह किया, क्योंकि इस रेल की गति बहुत धीमी है। उन्होंने कहा कि रेल में नए कोच जोड़े जाने चाहिए, क्योंकि मौजूदा कोच बहुत पुराने हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पर्यटन को बढ़ावा देने और राज्य की विरासत को प्रदर्शित हुए अधिक पर्यटकों को आकर्षित करने के दृष्टिगत कालका-शिमला रूट पर स्टेट-ऑफ आर्ट रेल शुरू करने का सुझाव दिया। उन्होंने जोगिन्द्रनगर और ऊना-हमीरपुर रेल लाईन के बारे में भी चर्चा की।
रेलमंत्री अश्विनी ने मुख्यमंत्री को भानुपल्ली-बिलासपुर रेल लाईन को शीघ्र पूरा करने के लिए राशि बढ़ाने का आश्वासन दिया। साथ ही स्टेट-ऑफ आर्ट ट्रेन को पी.पी.पी. मोड पर आरम्भ करने का प्रस्ताव भेजने को भी कहा। उन्होंने कहा कि राज्य की मांगों को पूरा करने के लिए सम्भावनाएं तलाशी जाएंगी। रेल मंत्रालय शीघ्र ही ऊना-हमीरपुर रेल लाईन के लिए राज्य को प्रस्ताव भेजेगा। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने भी अपने सुझाव दिए और ऊना हमीरपुर रेल लाईन पर शीघ्र कार्यवाही करने का आग्रह किया। बैठक में मुख्य सचिव राम सुभग सिंह और प्रधान आवासीय आयुक्त सुशील कुमार सिंगला भी उपस्थित थे।

Related News

Delhi epaper

Prayagraj epaper

Kurukshetra epaper

Latest News