वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने पवित्र श्रावण मास के प्रथम दिन सुबह वाराणसी पहुँचकर बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। उन्होंने काशी कोतवाल बाबा काल भैरव के चरणों में शीश झुकाकर पूजा-अर्चना की और प्रदेश तथा देशवासियों की सुख, शांति, समृद्धि एवं लोक-कल्याण की कामना की।
श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की व्यवस्थाओं पर जताया संतोष
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रावण मास के दौरान वाराणसी आने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों के लिए की गई प्रशासनिक तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन की व्यवस्था को पूरे श्रावण मास में इसी प्रकार प्रभावी एवं निर्बाध रूप से बनाए रखा जाए। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने और किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न होने देने की हिदायत दी।
वैदिक रीति से किया पूजन-अर्चन
मुख्यमंत्री सबसे पहले बाबा काल भैरव मंदिर पहुंचे, जहाँ उन्होंने वैदिक रीति-रिवाजों से पूजा-अर्चना और आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद वे श्री काशी विश्वनाथ धाम गए और गर्भगृह में प्रवेश कर षोडशोपचार विधि से बाबा विश्वनाथ का पूजन किया।
मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री के पहुँचते ही श्रद्धालुओं और कांवड़ियों ने ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से उनका भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन स्वीकार किया। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने इससे पूर्व बुधवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भी बाबा काल भैरव और बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए थे। इस दौरान विधायक नीलकंठ तिवारी और अवधेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

