HomeReligionCM योगी बोले, भदोही अब हमेशा संत रविदास नगर ही रहेगा 

CM योगी बोले, भदोही अब हमेशा संत रविदास नगर ही रहेगा 

संत शिरोमणि सद्गुरु श्री गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर बुधवार को उनकी जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर से राष्ट्रव्यापी ‘समरसता संकल्प अभियान’ का भव्य शुभारम्भ हुआ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में सबसे महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि “भदोही जिले का नाम संत रविदास नगर ही रहेगा

-Advertisement-
Join whatsapp channel Join Now
Join Telegram Group Join Now
वाराणसी/सुरेश गांधी।संत शिरोमणि सद्गुरु श्री गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर बुधवार को उनकी जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर से राष्ट्रव्यापी ‘समरसता संकल्प अभियान’ का भव्य शुभारम्भ हुआ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में सबसे महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि “भदोही जिले का नाम संत रविदास नगर ही रहेगा। यह संत रविदास जी की तपोभूमि है और इसकी पहचान उसी गौरवपूर्ण नाम से बनी रहेगी। मुख्यमंत्री की इस घोषणा पर पूरे पंडाल में तालियों और जयघोष की गूंज उठी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने संत रविदास नगर की पहचान बदलने का प्रयास किया था, लेकिन उनकी सरकार संत परंपरा और सामाजिक सम्मान के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और संत रविदास जी की विरासत के सम्मान का विषय है।

 —650वें प्रकाश पर्व पर समरसता संकल्प अभियान का राष्ट्रीय शुभारम्भ

— संत रविदास की जन्मस्थली से गांव-गांव जाएगा समानता और मानवता का संदेश

दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास जन्मस्थली मंदिर में माथा टेका और पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने रविदास स्मारक में स्थापित संत रविदास की विशाल कांस्य प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। मुख्यमंत्री ने संत परंपरा को भारत की सनातन संस्कृति की आत्मा बताते हुए संतों के चरणों में नमन किया।
दीप प्रज्ज्वलन से हुआ समरसता संकल्प अभियान का शुभारम्भ
संत रविदास पार्क मैदान में आयोजित विशाल जनसभा में मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर समरसता संकल्प अभियान का विधिवत शुभारम्भ किया। यह अभियान 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक देशभर में चलेगा। अभियान का उद्देश्य संत रविदास के समता, सामाजिक सद्भाव, जाति-विहीन समाज और मानवता के संदेश को गांव-गांव तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री ने “हर-हर महादेव” और “संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की जय” के उद्घोष के साथ अपना संबोधन प्रारम्भ किया और उपस्थित जनसमूह से संत रविदास के सामाजिक समरसता और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भेदभाव रहित समतामूलक समाज के अग्रदूत थे संत रविदास
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संत गुरु रविदास ने समरसता, समानता और मानवता का जो संदेश दिया, वह आज भी पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि संत रविदास सामाजिक भेदभाव से रहित समतामूलक समाज के अग्रदूत थे और उनके विचार राष्ट्र निर्माण की दिशा दिखाते हैं। मुख्यमंत्री ने संत रविदास की प्रसिद्ध पंक्तियां उद्धृत करते हुए कहा—
“ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न,
छोट-बड़ो सब सम बसे, रविदास रहे प्रसन्न।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस संदेश को व्यवहार में उतारते हुए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से वर्ष 2020 से लगातार 81 करोड़ लोगों को नि:शुल्क राशन उपलब्ध कराया है। यह योजना बिना जाति-पाति का भेद किए गरीबों तक पहुंचाई जा रही है।
‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ आज भी प्रासंगिक
मुख्यमंत्री ने संत रविदास के प्रसिद्ध वचन “मन चंगा तो कठौती में गंगा” का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल आध्यात्मिक संदेश नहीं, बल्कि आंतरिक शुद्धता और मानवता की सर्वोच्च भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि काशी की पावन धरती से निकला यह संदेश आज भी समाज को जोड़ने का कार्य कर रहा है।

 संतों के नाम पर राष्ट्रीय सम्मान

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संत परंपरा के महापुरुषों को राष्ट्रीय सम्मान दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने कहा कि जालंधर (आदमपुर) एयरपोर्ट का नाम संत रविदास जी के नाम पर तथा अयोध्या अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि जी के नाम पर रखा गया है।

संत स्थलों की सुरक्षा और विकास का ऐलान

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जहां संत रविदास जी से जुड़े स्थलों पर बाउंड्री वॉल नहीं है, वहां राज्य सरकार अपने खर्च पर निर्माण कराएगी। इसके लिए धनराशि की व्यवस्था कर दी गई है। साथ ही संत रविदास, महर्षि वाल्मीकि, बाबा साहब डॉ. आंबेडकर और सामाजिक न्याय से जुड़े महापुरुषों की प्रतिमाएं सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित की जाएंगी।
श्रमिक परिवारों के बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि निर्माण श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा के लिए प्रदेश के 18 मंडलों में अटल आवासीय विद्यालय स्थापित किए गए हैं, जहां विश्वस्तरीय आधारभूत सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि प्रदेश के सभी जिलों में बाबा साहब आंबेडकर के नाम पर मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय स्थापित किए जाएंगे।
‘संत रविदास का पावन धाम, एकता-समरसता बनी पहचान’
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास का पावन धाम सामाजिक एकता और समरसता की पहचान बन चुका है। उन्होंने उपस्थित लोगों से संकल्प दिलाया— “जाति-पाति का भेद मिटाओ, संत रविदास का संदेश अपनाओ।” उन्होंने कहा कि एक समरस समाज ही विकसित भारत की मजबूत नींव बन सकता है।

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने गाया भजन

केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने अपने संबोधन में संत रविदास के जीवन पर प्रकाश डाला और मंच से उनका प्रसिद्ध भजन “प्रभुजी तुम चंदन मैं पानी” गाकर सुनाया। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर ने भी समानता और भाईचारे की प्रेरणा संत रविदास के जीवन से प्राप्त की थी।

पंकज चौधरी बोले—हर व्यक्ति तक पहुंचेंगे

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि समरसता संकल्प अभियान के माध्यम से संत रविदास के विचारों को घर-घर पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर संत रविदास के संदेश से लोगों को जोड़ेंगे और जन्मस्थली की पावन माटी देश के प्रत्येक बूथ तक पहुंचाई जाएगी।
केशव मौर्य ने कहा—मोदी ने संत रविदास का सपना साकार किया
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संत रविदास के समतामूलक समाज के स्वप्न को अपने शासन में चरितार्थ किया है। उन्होंने संत रविदास नगर का नाम बदलने के प्रयासों की आलोचना करते हुए कहा कि संतों का अपमान करने वालों को जनता जवाब देगी।
बृजेश पाठक बोले—650 वर्ष पहले ही समाज को जोड़ने का संदेश दिया
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि संत रविदास ने 650 वर्ष पूर्व ही समाज को जोड़ने और समरसता स्थापित करने का मार्ग दिखा दिया था। उन्होंने कहा कि यह आयोजन देशभर में सामाजिक सद्भाव का संदेश देने में सफल होगा।
BJP महामंत्री तरुण चुग ने गिनाईं मोदी सरकार की पहल
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सदस्य तरुण चुग ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से पंजाब से संत रविदास धाम के लिए विशेष रेल सेवाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से करोड़ों गरीबों को भोजन सुरक्षा मिली है।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने बताया कि यह अभियान पूरे देश में कलश यात्रा, समरसता संगोष्ठी, संत संपर्क, दीपोत्सव, समरसता यात्रा और युवा संवाद जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान और भागीदारी पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।

लाल सिंह आर्य ने बताए अभियान के पांच चरण

कार्यक्रम के संयोजक एवं भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने अभियान के पांच चरणों की जानकारी दी, जिनमें कलश वंदन अभियान, संत संपर्क अभियान, समरसता यात्रा (जालंधर से काशी), छात्रावास संपर्क अभियान और अन्य सामाजिक संपर्क कार्यक्रम शामिल हैं।

संत निरंजन दास का सम्मान, हजारों श्रद्धालु रहे उपस्थित

कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संत निरंजन दास महाराज का सम्मान किया। मंच पर संत समाज, केंद्रीय एवं प्रदेश सरकार के मंत्री, भाजपा पदाधिकारी और विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधि उपस्थित रहे। जनसभा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया। समारोह के अंत में संत रविदास जी के जयघोष से पूरा सीर गोवर्धनपुर परिसर गूंज उठा और श्रद्धालुओं ने एक स्वर में कहा— “संत रविदास का संदेश, समरस समाज हमारा लक्ष्य।”
- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related News

Delhi epaper

Prayagraj epaper

Kurukshetra epaper

Ujjain epaper

Latest News