नई दिल्ली। भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने समान नागरिक संहिता (UCC), राम मंदिर, कांग्रेस और हालिया राजनीतिक मुद्दों पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यूसीसी केवल राज्यों में ही नहीं बल्कि भविष्य में केंद्र स्तर पर भी लागू होगी क्योंकि यह सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारी है।
भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से केंद्र में यूसीसी लागू करने की बात करती रही है, लेकिन जब उसे अवसर मिला तब उसने न तो राज्यों में इसे लागू किया और न ही केंद्र में कोई ठोस पहल की।
उन्होंने कहा कि अब जब विभिन्न राज्यों में यूसीसी लागू की जा रही है तो कांग्रेस को इसका स्वागत करना चाहिए। केंद्र सरकार भी उचित समय पर इस दिशा में आगे बढ़ेगी।
राम मंदिर चढ़ावा मामले पर उन्होंने कहा कि जो लोग राम मंदिर आंदोलन से जुड़े रहे हैं और मंदिर के प्रति संवेदनशील हैं, वे पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, राम मंदिर प्रशासन और उत्तर प्रदेश सरकार सभी ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों का राम मंदिर आंदोलन में कोई योगदान नहीं रहा, वही अब अनावश्यक सवाल खड़े कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हें इसमें सफलता नहीं मिलेगी।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि पार्टी का पुराना रवैया राष्ट्रवादियों के प्रति कठोर और राष्ट्रविरोधी तत्वों के प्रति नरम रहने का रहा है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस एक “ग्रैंड ओल्ड पार्टी” जरूर है लेकिन उसकी “एक्सपायरी डेट” भी समाप्त हो चुकी है। उनके अनुसार, कांग्रेस नई पैकेजिंग और नए राजनीतिक प्रयोगों के जरिए खुद को प्रस्तुत करने की कोशिश करती है लेकिन अंततः अपनी ही रणनीतियों में उलझ जाती है।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का उल्लेख करते हुए मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि कुछ किताबों में ऐसे दावे किए जाते हैं, जिनकी पुष्टि अब संभव नहीं है। यदि किसी पुस्तक में मनमोहन सिंह से जुड़ा कोई निजी दावा किया गया है, तो उसकी सत्यता की जांच करना कठिन है क्योंकि अब उनसे इस विषय में कोई प्रश्न नहीं किया जा सकता। ऐसे दावों पर उन्होंने आश्चर्य और व्यंग्य दोनों व्यक्त किए।
वायनाड, रायबरेली और अमेठी का जिक्र करते हुए भाजपा नेता ने कांग्रेस पर सामंती मानसिकता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने पारंपरिक निर्वाचन क्षेत्रों को हमेशा अपनी जागीर की तरह देखा और वहां के लोगों को सम्मानजनक भागीदार के बजाय अपनी प्रजा समझा। उनके अनुसार, कांग्रेस का यही सामंती अहंकार और सत्ता का गुरूर आज भी उसकी राजनीति में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

