नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) ने ईंधन संकट के बीच पेट्रोल और डीजल की बचत के लिए महत्वपूर्ण घोषणा की है। सरकारी दफ्तरों में हर सप्ताह दो दिन वर्क फ्रॉम होम लागू किया जाएगा। प्राइवेट कंपनियों से भी इसकी अपील की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत अपील के बाद दिल्ली सरकार ने ‘मेरा भारत मेरा योगदान’ स्कीम शुरू की है, जिसमें सरकारी अधिकारियों को मिलने वाले ईंधन में 20 प्रतिशत की कटौती, मेट्रो और बसों का इस्तेमाल बढ़ाने, स्कूल-कॉलेजों में ऑनलाइन क्लासेस, अदालतों में ऑनलाइन सुनवाई और कई अन्य उपाय शामिल हैं। यह योजना 90 दिनों तक चलेगी।
सरकारी दफ्तरों में दो दिन WFH
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील देशहित में है। इसके मद्देनजर दिल्ली सरकार ने ठोस कदम उठाए हैं। अब राजधानी के सभी सरकारी कार्यालयों में सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम रहेगा। इससे सड़कों पर वाहनों की संख्या कम होगी और ईंधन की खपत घटेगी। प्राइवेट सेक्टर की कंपनियों से भी दो दिन वर्क फ्रॉम होम अपनाने की अपील की जाएगी।
अधिकारियों के ईंधन कोटा में 20% कटौती
सरकारी अधिकारियों को दिए जाने वाले पेट्रोल और डीजल कोटा में 20 प्रतिशत की कमी की जाएगी। हर सोमवार को ‘मंडे मेट्रो’ के रूप में मनाया जाएगा। कर्मचारी और अधिकारी मेट्रो से दफ्तर आएंगे। सरकारी कॉलोनियों से मेट्रो स्टेशनों तक पहुंचाने के लिए 58 बसें चलाई जाएंगी। इससे पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल बढ़ेगा और व्यक्तिगत वाहनों पर निर्भरता कम होगी।
स्कूल-कॉलेजों और कोर्ट में ऑनलाइन मोड की अपील
दिल्ली सरकार स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों से ऑनलाइन क्लासेस शुरू करने की अपील करेगी। मुख्यमंत्री ने अदालतों से भी मामलों की ऑनलाइन सुनवाई करने का अनुरोध किया है। इससे भी ईंधन की बचत होगी और लोगों को सुविधा मिलेगी।
अन्य महत्वपूर्ण फैसले
दिल्ली सरकार अगले 6 महीने तक कोई नई पेट्रोल, डीजल या इलेक्ट्रिक वाहन नहीं खरीदेगी। किसी भी मंत्री या अधिकारी की आधिकारिक विदेश यात्रा नहीं होगी। सरकार 100 प्रतिशत स्वदेशी उत्पादों का ही इस्तेमाल करेगी। सभी सरकारी दफ्तरों में एयर कंडीशनर का तापमान 24-25 डिग्री सेल्सियस पर सेट किया जाएगा।
सीएम रेखा गुप्ता ने लोगों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय रूप से शामिल हों। ‘मेरा भारत मेरा योगदान’ स्कीम के तहत लोगों को ईंधन बचत की शपथ दिलाई जाएगी। यह पूरा अभियान कल से शुरू हो जाएगा और 90 दिनों तक चलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी कदम ईंधन की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद करेंगे। दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि हर नागरिक इस मुहिम से जुड़े और छोटे-छोटे बदलावों से बड़ा योगदान दें।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

