HomeStateMadhya PradeshMP CM मोहन यादव ने 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खाते में...

MP CM मोहन यादव ने 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खाते में डाले 1836 करोड़ रुपये

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीहोर जिले के आष्टा में महिला सशक्तिकरण सम्मेलन के दौरान लाड़ली बहना योजना की 35वीं किश्त के तहत प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक लाभार्थी बहनों के बैंक खातों में 1836 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए।

-Advertisement-
Join whatsapp channel Join Now
Join Telegram Group Join Now

भोपाल/रंजन श्रीवास्तव। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीहोर जिले के आष्टा में महिला सशक्तिकरण सम्मेलन के दौरान लाड़ली बहना योजना की 35वीं किश्त के तहत प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक लाभार्थी बहनों के बैंक खातों में 1836 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए। उन्होंने कहा कि बेटियों और बहनों का विकास ही समग्र विकास की कुंजी है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को राजनीतिक आरक्षण देने की दिशा में इस माह संसद की विशेष बैठक बुलाई जा रही है, जिसमें लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने महिलाओं की आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए बताया कि अब तक योजना के तहत 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक राशि वितरित की जा चुकी है।

- Advertisement -

लाड़ली बहना योजना की 35वीं किश्त जारी

रविवार को आष्टा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंगल क्लिक के जरिए 1836 करोड़ रुपये की राशि हितग्राहियों के खातों में भेजी। यह राशि हर लाभार्थी बहन के खाते में 1500 रुपये के हिसाब से पहुंची।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। लाड़ली बहना योजना शुरू होने के बाद से अब तक कुल 55 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की मदद बहनों को दी गई है। इस योजना से प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक बहनें लाभान्वित हो रही हैं।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने नारी सशक्तिकरण की मजबूत पहल की है। स्वतंत्रता के बाद पहली बार महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का ऐतिहासिक कदम इसी माह उठाया जा रहा है। इसके लिए 16 अप्रैल से संसद की तीन दिवसीय विशेष बैठक बुलाई गई है।

बेटियों के विकास पर जोर, शिक्षा सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आष्टा की छात्राओं को विशेष सौगात दी। उन्होंने कन्या महाविद्यालय और कन्या विद्यालय में छात्रावास बनाने तथा कन्या विद्यालय के नए भवन निर्माण की घोषणा की।

डॉ. यादव ने कहा कि बेटियों को बेहतर शिक्षा मुहैया कराना सरकार की प्राथमिकता है। आष्टा को त्रिवेणी संगम की भूमि बताया गया, जहां मां पार्वती नदी का उद्गम स्थल है। यहां सांदीपनि विद्यालयों में 90 प्रतिशत बच्चे निजी स्कूलों को छोड़कर सरकारी व्यवस्था में आए हैं।

राज्य सरकार विद्यार्थियों को 4 लाख साइकिलें बांट रही है। मेधावी छात्रों को लैपटॉप और स्कूल टॉपर बच्चों को स्कूटी दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने छात्रों से सीधा संवाद भी किया और उन्हें करियर तथा नेतृत्व के बारे में मार्गदर्शन दिया।

किसान कल्याण वर्ष 2026 पर फोकस

मध्य प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों की मदद के लिए पिछले दो साल में करीब 10 लाख हेक्टेयर सिंचाई क्षेत्र बढ़ाया गया है।

गेहूं की खरीद पर 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देकर 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद की जा रही है। गांवों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की गई है, ताकि किसान दिन में भी सिंचाई कर सकें। सिर्फ 5 रुपये में बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।

स्व-सहायता समूहों से महिलाओं का सशक्तिकरण

प्रदेश में 12 लाख से अधिक लखपति दीदियां तैयार हुई हैं। सीहोर जिले में अकेले 1 लाख से ज्यादा स्व-सहायता समूह सक्रिय हैं। पूरे मध्य प्रदेश में 5 लाख से अधिक स्व-सहायता समूहों की 65 लाख से ज्यादा बहनें सशक्त हो रही हैं।

मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत बेटियों के विवाह पर 55 हजार रुपये की मदद दी जा रही है। डॉ. यादव ने कहा कि हमारे देश में मातृ सत्ता की परंपरा रही है और अब प्रदेश में हर महीने रक्षाबंधन का माहौल बन रहा है।

विकास कार्यों का लोकार्पण और नई घोषणाएं

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 184 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन किया। इसमें आष्टा और जावर में नए सांदीपनि विद्यालय शामिल हैं।

उन्होंने कई नई घोषणाएं भी कीं, जिनमें आष्टा में नवीन आईटीआई की स्थापना, महाविद्यालय में कन्या छात्रावास, नाला निर्माण, जावर में शहरी सौंदर्यीकरण, अनुसूचित बालक-बालिका छात्रावास, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का नया भवन, जावर महाविद्यालय में विज्ञान संकाय शुरू करना, गुराड़िया खुर्द बैराज, दूधी नदी पर नया बैराज, नहर निर्माण और गीता भवन निर्माण शामिल हैं।

विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के तहत पात्र लोगों को हितलाभ भी वितरित किए गए।

सांसद और विधायकों का बयान

सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बहनों से किया वादा पूरा किया है। लाड़ली बहना योजना में राशि बढ़ाकर 1500 रुपये की गई है और यह आगे भी बढ़ती रहेगी। प्रधानमंत्री मोदी महिलाओं को राजनीतिक रूप से मजबूत बना रहे हैं।

विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर ने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आष्टा को लगातार सौगातें मिल रही हैं। यहां दो नए सांदीपनि विद्यालय, एसडीएम कार्यालय, महाविद्यालय छात्रावास, 54 सामुदायिक भवन और कई सड़कों का लोकार्पण हो चुका है।

कार्यक्रम में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, सीहोर की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर, विधायक सुदेश राय, उमाकांत भार्गव सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें मौजूद रहीं।

भव्य रोड शो और नागरिकों का स्वागत

आष्टा पहुंचने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का भव्य रोड शो निकाला गया। कई जगहों पर बड़ी-बड़ी फूल मालाएं तैयार की गईं और विभिन्न प्रतीक चिन्ह भेंट किए गए। पूरा आष्टा नगर उत्सव स्थल में बदल गया था। गलियों और चौराहों पर लोगों का उत्साह साफ दिख रहा था। यह स्वागत मुख्यमंत्री के प्रति सम्मान के साथ क्षेत्र की सामाजिक एकजुटता को भी दर्शाता है।

छात्रों से संवाद, करियर पर सलाह

सांदीपनि स्कूल के लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं से बातचीत की। उन्होंने पूछा कि कौन डॉक्टर, शिक्षक, इंजीनियर बनेगा, कौन उद्योग लगाएगा और कौन राजनीति में आएगा।

डॉ. यादव ने छात्रों को सलाह दी कि पढ़ाई के साथ राजनीति में भी सक्रिय रहना चाहिए, क्योंकि देश का भविष्य इन्हीं युवाओं के हाथों में है। जब उन्होंने पूछा कि कितने बच्चे निजी स्कूल छोड़कर यहां आए हैं, तो सभी 32 छात्रों ने हाथ उठाया। मुख्यमंत्री ने इसे सकारात्मक संकेत बताया और कहा कि सांदीपनि स्कूलों की व्यवस्था किसी निजी स्कूल से कम नहीं है।

उन्होंने छात्राओं महक, मुस्कान, सपना, आराधना, माही समेत अन्य विद्यार्थियों से व्यक्तिगत बात की और उनका उत्साह बढ़ाया। विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अच्छी शिक्षा लेकर देश के जिम्मेदार नागरिक बनें।

Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi  से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related News

-Advertisement-

Delhi epaper

Prayagraj epaper

Kurukshetra epaper

Ujjain epaper

-Advertisement-

Latest News