गाजियाबाद। दिल्ली से सटे गाजियाबाद जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात नाहली गांव स्थित तीन अवैध डेयरियों पर बड़ी छापेमारी कर मानव स्वास्थ्य के लिए खतरनाक केमिकल से तैयार किया जा रहा 1038 किलोग्राम नकली पनीर और खोया जब्त कर मौके पर ही नष्ट करवा दिया।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त के आदेशों और जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के दिशा-निर्देशों पर यह कार्रवाई बुधवार और गुरुवार की मध्य रात्रि को अंजाम दी गई।
रानीपाल (व्हाइटनिं ग एजेंट) और पाम ऑयल से बन रहा था नकली पनीर
सहायक खाद्य आयुक्त सुरेश कुमार मिश्र के अनुसार, ग्राम नाहली स्थित मैसर्स तोमर डेयरी, कलवा डेयरी और शकील डेयरी पर एक साथ दबिश दी गई। जांच के दौरान शकील डेयरी से मिल्क पाउडर, वनस्पति, कपड़ों में चमक लाने वाला व्हाइटनिंग एजेंट (रानीपाल) और अन्य हानिकारक रसायन बरामद किए गए।
- तीन डेयरियों पर छापेमारी,1038 किलो पनीर व खोया नकली जब्त
- मिलावटी पनीर बना रही थी डेयरियां, स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक
- शकील डेयरी में मिल्क पाउडर,वनस्पति,व्हाइटनिंग एजेंट तथा अन्य अपमिश्रक रसायन पाए
- तीनों डेयरी संचालकों के विरुद्ध थाना भोजपुर में एफआईआर दर्ज
वहीं, कलवा डेयरी में रिफाइंड पामोलीन तेल व रसायन तथा तोमर डेयरी परिसर से वनस्पति और अज्ञात सफेद पाउडर जब्त किया गया। इन घातक अपमिश्रकों का उपयोग कृत्रिम दूध बनाकर उससे पनीर और खोया तैयार करने में किया जा रहा था।
1038 किलो मिलावटी उत्पाद नष्ट, 20 नमूने लैब भेजे गए
कार्रवाई के दौरान निर्माण स्थल पर भारी गंदगी पाई गई, जो खाद्य सुरक्षा मानकों का खुला उल्लंघन थी। अधिकारियों ने मौके से करीब 2,11,880 रुपये मूल्य का 868 किलो मिलावटी पनीर और 50,800 रुपये का 170 किलो खोया तुरंत गड्ढा खुदवाकर नष्ट करा दिया।
इसके अलावा, पनीर बनाने में प्रयुक्त होने वाला 25 किलो सफेद पाउडर, 153 किलो रिफाइंड पामोलीन तेल और 4 किलो वनस्पति सील कर दी गई। खाद्य सुरक्षा टीम ने पनीर, खोया, पाम ऑयल, एसिटिक एसिड, स्किम्ड मिल्क पाउडर और दूध के कुल 20 सैंपल लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं।
View this post on Instagram
भोजपुर थाने में एफआईआर दर्ज
जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने और प्रतिबंधित केमिकलों का इस्तेमाल करने पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। तीनों डेयरी संचालकों के खिलाफ थाना भोजपुर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

