रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने युवाओं को बिजनेसमैन बनाने और राज्य के उत्पादों को ग्लोबल मार्केट तक पहुँचाने के लिए 500 करोड़ रुपये के बड़े प्रोजेक्ट और नई एक्सपोर्ट पॉलिसी को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कैबिनेट बैठक में लिए गए इन फैसलों से प्रदेश में रोजगार और व्यापार के नए रास्ते खुलेंगे।
500 करोड़ का स्टार्टअप और NIPUN मिशन
कैबिनेट ने अगले 5 सालों के लिए ‘मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं NIPUN मिशन’ को हरी झंडी दी है। इसके तहत राज्य के सभी 33 जिलों में एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट सेंटर तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा 100 इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब्स और 5 इंडस्ट्री एक्सीलेंस सेंटर भी स्थापित होंगे। NIPUN जॉब इंजन के जरिए युवाओं को सीधे इंडस्ट्री की मांग के हिसाब से प्रैक्टिकल ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि युवा सिर्फ नौकरी ढूंढने वाले नहीं बल्कि जॉब क्रिएटर बन सकें।
छत्तीसगढ़ एक्सपोर्ट प्रमोशन पॉलिसी 2026-30
कैबिनेट का दूसरा बड़ा फैसला ‘छत्तीसगढ़ निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30’ है। इसका सीधा फायदा स्थानीय किसानों, मैन्युफैक्चरर्स और व्यापारियों को मिलेगा। छत्तीसगढ़ के कृषि और इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स की ब्रांडिंग सुधारकर उन्हें विदेशी बाजारों में भेजा जाएगा। कारोबारियों को इंटरनेशनल ट्रेड फेयर, एग्जीबिशन और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के जरिए विदेशी खरीदारों से सीधे जुड़ने का मौका मिलेगा।

