चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से चंडीगढ़ स्थित उनके सरकारी आवास ‘कबीर कुटीर’ में कश्मीरी हिंदू प्रकोष्ठ के एक प्रतिनिधिमंडल ने औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान कश्मीरी समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को आगामी 19 सितंबर 2026 को गुरुग्राम में आयोजित होने वाले ‘माता लल्लेश्वरी (लल देद) की 705वीं जयंती समारोह’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का सादर निमंत्रण दिया।
कश्मीरी समाज की मांगों पर मिला सकारात्मक आश्वासन
मुलाकात के दौरान कश्मीरी हिंदू प्रकोष्ठ के प्रतिनिधियों ने अपने समुदाय के हितों, सामाजिक विषयों और कुछ प्रमुख मांगों को मुख्यमंत्री के सामने विस्तार से रखा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों को ध्यानपूर्वक सुना और उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए हर संभव सरकारी सहयोग और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया।
राज्य सरकार की नीतियों की हुई सराहना
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश में रहने वाले विभिन्न समुदायों की सांस्कृतिक धरोहर, पर्वों और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार सराहनीय कदम उठा रही है। इससे प्रदेश में सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक ताने-बाने को मजबूती मिल रही है।

