लखनऊ/ खुशबू पाण्डेय। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) ने सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जनता दर्शन के दौरान अवैध कब्जे, धमकी और आपराधिक गतिविधियों से संबंधित कई मामले मुख्यमंत्री के समक्ष आए। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि अवैध कब्जा करने वाले उन्हें लगातार धमका रहे हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे मामलों की गंभीरता से जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि अपराध एवं अवैध कब्जे से जुड़े मामलों की विवेचना में तेजी लाई जाए ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके और दोषियों को दंडित किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान गाजियाबाद, मेरठ और नोएडा से जुड़े एक बिल्डर के खिलाफ भी कई पीड़ित शिकायत लेकर पहुंचे। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बिल्डर ने एक ही फ्लैट की रजिस्ट्री कई लोगों के नाम कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए और कहा कि यदि जांच में बिल्डर दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पीड़ितों को न्याय दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से जुड़े प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण किया जाए, ताकि आम नागरिकों का शासन और प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो।

