HomeStateHaryanaमातृ शक्ति सम्मान: गवंर्नर बोले,महिलाओं को उद्यमिता से जोड़ने में उद्योग जगत...

मातृ शक्ति सम्मान: गवंर्नर बोले,महिलाओं को उद्यमिता से जोड़ने में उद्योग जगत निभाए सक्रिय भूमिका

हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने उद्योग जगत का आह्वान करते हुए कहा कि वे महिला सशक्तिकरण के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और विशेष रूप से समाज के कमजोर, वंचित एवं हाशिये पर रहने वाले वर्गों की महिलाओं के लिए अवसर सृजित करने तथा उनमें उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में कार्य करें।

-Advertisement-
Join whatsapp channel Join Now
Join Telegram Group Join Now

नई दिल्ली /खुशबू पाण्डेय : हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने उद्योग जगत का आह्वान करते हुए कहा कि वे महिला सशक्तिकरण के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और विशेष रूप से समाज के कमजोर, वंचित एवं हाशिये पर रहने वाले वर्गों की महिलाओं के लिए अवसर सृजित करने तथा उनमें उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में कार्य करें।
राज्यपाल आज यहां पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा आयोजित ‘मातृ शक्ति सम्मान-2026’ समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक सशक्तिकरण को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि समावेशी विकास तभी संभव है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग की महिलाओं को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा के अनुरूप सफलता प्राप्त करने के समान अवसर उपलब्ध हों।

—राज्यपाल बोले अपनी उपलब्धियों से महिलाएं लाखों बेटियों के लिए आदर्श बनती हैं
—‘मातृ शक्ति सम्मान-2026’ में विभिन्न क्षेत्रों की 40 उत्कृष्ट महिलाओं को राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

कार्यक्रम विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली उन महिलाओं को सम्मानित करने के लिए आयोजित किया गया था, जिन्होंने अपनी प्रतिभा, समर्पण और नेतृत्व क्षमता से समाज में उल्लेखनीय योगदान दिया है। समारोह के दौरान कुल 40 महिला प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर हरियाणा की प्रथम महिला श्रीमती मित्रा घोष, मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सुमन सैनी तथा हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष श्री हरविंद्र कल्याण भी उपस्थित रहे।


सम्मानित महिलाओं को बधाई देते हुए प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि उनकी प्रेरणादायी जीवन-यात्राएं समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत तथा राष्ट्र के लिए गौरव का विषय हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की पूर्ण एवं सार्थक भागीदारी के बिना भारत की विकास और प्रगति की यात्रा अधूरी है। उन्होंने कहा, “जब एक महिला आगे बढ़ती है तो पूरा परिवार आगे बढ़ता है, परिवार की प्रगति से समाज सशक्त होता है और समाज की उन्नति से राष्ट्र विकास के नए आयाम स्थापित करता है।
राज्यपाल ने सम्मानित महिलाओं को उन लाखों बेटियों के लिए प्रेरणा का प्रकाश-स्तंभ बताया, जो अपने सपनों को साकार करने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि सभी मिलकर ऐसा वातावरण तैयार करें, जहां प्रत्येक बेटी को समान अवसर मिले, प्रत्येक महिला अपनी पूर्ण क्षमता का विकास कर सके तथा प्रत्येक मां को वह सम्मान और गरिमा प्राप्त हो, जिसकी वह वास्तविक अधिकारिणी है।

राष्ट्र निर्माण में महिलाएं समान भागीदार : सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि महिलाएं केवल सरकारी योजनाओं की लाभार्थी नहीं हैं, बल्कि राष्ट्र के विकास और प्रगति की यात्रा की समान भागीदार तथा प्रेरक शक्ति हैं। महिलाओं को ‘विकसित भारत’ का सबसे सशक्त स्तंभ बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के निर्माण के लिए चार प्रमुख स्तंभों—महिलाएं, किसान, युवा और गरीब—को आधार बनाया है। इनमें महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और निर्णायक है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का प्रधानमंत्री का संकल्प तभी साकार होगा, जब महिलाएं विकास प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए नेतृत्वकारी भूमिका अदा करेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि मातृशक्ति के साहस, संकल्प, संघर्ष और उपलब्धियों का उत्सव है। यह उन महिलाओं को सम्मानित करने का अवसर है, जिन्होंने अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए अपनी प्रतिभा, परिश्रम, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यों के बल पर समाज में विशिष्ट पहचान स्थापित की है।

नई पीढ़ी को प्रेरित कर रही हैं महिला प्रतिभाएं

पुरस्कार प्राप्त करने वाली महिलाओं को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सम्मानित की जा रही सभी महिलाएं अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और नेतृत्व क्षमता के माध्यम से समाज को नई दिशा और प्रेरणा दे रही हैं। उनकी उपलब्धियां न केवल गौरव का विषय हैं, बल्कि उन असंख्य महिलाओं और बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं, जो अपने सपनों को साकार करने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश महिला-नेतृत्व वाले विकास के एक नए युग में प्रवेश कर चुका है। आज महिलाएं शिक्षा, उद्यमिता, विज्ञान, खेल, प्रशासन और सार्वजनिक सेवा सहित प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन कर रही हैं।

महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध हरियाणा सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। राज्य सरकार द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा उन्हें प्रगति के समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं और पहलें लागू की गई हैं। उन्होंने कहा कि इस समारोह में सम्मानित सभी महिला प्रतिभाओं ने सफलता के नए आयाम स्थापित किए हैं और वे समाज के लिए आदर्श के रूप में उभरी हैं। उनकी उपलब्धियां लाखों महिलाओं और युवतियों को आत्मविश्वास, साहस और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।

- Advertisement -
Previous article

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related News

Delhi epaper

Prayagraj epaper

Kurukshetra epaper

Ujjain epaper

Latest News