वॉशिंगटन। होर्मुज से गुजर रहे तीन व्यापारिक जहाजों पर ईरान (Iran) की ओर से किए गए हमले के बाद अमेरिका (US) ने ईरान पर हमले शुरू कर दिए हैं। यूएस सेंट्रल कमांड की ओर से ये जानकारी दी गई। यूएस सेंट्रल कमांड ने बताया कि मंगलवार को होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से गुजर रहे तीन व्यापारिक जहाजों पर हमले के बाद अमेरिकी सेना ने ईरान पर कड़ी कार्रवाई की है।
यूएस कमांड की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर किए गए पोस्ट में कहा गया कि अमेरिकी सेना ने ‘ईरान के खिलाफ कई जबरदस्त हमले शुरू कर दिए हैं, जिससे कि ईरान को अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग में आम नागरिकों वाले व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाने और उन पर हमला करने की भारी कीमत चुकानी पड़े।’
कमांड की ओर से कहा गया, ‘ये अमेरिकी हमले उन ईरानी हमलों के जवाब में हैं जो होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे तीन व्यापारिक जहाजों पर किए गए थे।’
ईरानी सरकारी आउटलेट ‘प्रेस टीवी’ के हवाले से सिन्हुआ समाचार एजेंसी ने बताया कि ईरान के केशम द्वीप और बंदर अब्बास व सिरिक जैसे बंदरगाह शहरों के पास धमाकों की आवाजें सुनी गईं।
मंगलवार को यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स (UKMTO) की ओर से होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे टैंकरों पर तीन अलग-अलग हमलों की सूचना दी गई थी। ईरान की ओर से किए गए इन हमलों में से किसी भी घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
सोमवार को यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स (UKMTO) की ओर से पहली घटना के बारे में बताया गया था कि दक्षिण की ओर जा रहे एक टैंकर पर ओमान के लिमाह से लगभग 8 नॉटिकल मील पूर्व में बाईं ओर (पोर्ट साइड) एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ, जिससे आग लग गई।
मंगलवार को UKMTO की ओर से दूसरी घटना के बारे में जानकारी दी गई। UKMTO ने बताया कि एक टैंकर पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ और माना जा रहा है कि उसे संरचनात्मक नुकसान पहुंचा है।
मंगलवार को UKMTO ने ताजा घटना के बारे में जानकारी दी कि एक और टैंकर को मामूली संरचनात्मक नुकसान पहुंचाया गया है। जिस जहाज पर ड्रोन से हमला हुआ था, वह अपने अगले बंदरगाह की ओर बढ़ता रहा।
मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों के अनुसार, तीन में से दो जहाजों की पहचान की पुष्टि हो गई है। एक सऊदी झंडे वाला कच्चा तेल (क्रूड ऑयल) ले जाने वाला टैंकर है, जबकि दूसरा कतरी लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) टैंकर है।
ईरान की अर्ध-आधिकारिक समाचार एजेंसी ‘फार्स’ ने मंगलवार को बताया कि इससे पहले, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना ने सोमवार रात होर्मुज जलडमरूमध्य को अमेरिका-समर्थित ओमान के रास्ते से पार करने की कोशिश कर रहे दो टैंकरों को निशाना बनाया गया। क्योंकि उन्होंने चेतावनियों पर ध्यान नहीं दिया था।
Hormuz Crisis: जानिए किन 3 जहाजों को ईरान ने बनाया निशाना?
पहला जहाज (सऊदी अरब): सऊदी अरब के झंडे वाला एक क्रूड ऑयल (कच्चा तेल) ले जा रहा टैंकर, जिस पर ओमान के पास अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ और आग लग गई।
दूसरा जहाज (कतर): कतर का लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) ले जा रहा टैंकर, जिसे ड्रोन हमले में संरचनात्मक नुकसान पहुंचा है।
तीसरा जहाज: एक अन्य व्यापारिक टैंकर जिसे मामूली नुकसान पहुंचा है, हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

