मुंबई। हम अक्सर किसी बच्चे की शरारती मुस्कान, बात करने का अंदाज़, ज़िद या चलने का तरीका देखकर अनायास ही कह उठते हैं— “यह तो बिल्कुल अपने पिता पर गया है!” यह कहावत सिर्फ आम जिंदगी में ही नहीं, बल्कि सिनेमाई पर्दे और अब टेलीविजन जगत में भी सच साबित हो रही है। स्टार प्लस का लोकप्रिय शो ‘उड़ने की आशा’ अपने नए ट्रैक के साथ दर्शकों को इसी खूबसूरत अहसास से रूबरू करा रहा है। शो के नन्हे किरदार ‘लक्ष’ और ‘सचिन’ के बीच की समानताएं लोगों को बॉलीवुड की कुछ बेहद यादगार बाप-बेटे की जोड़ियों की याद दिला रही हैं।

बॉलीवुड की जोड़ियों से हो रही है तुलना
हाल ही में फिल्म ‘धुरंधर’ में अभिनेता अक्षय खन्ना की एंट्री ने दर्शकों को उनके पिता और गुजरे जमाने के दिग्गज स्टार विनोद खन्ना की याद दिला दी, जब लोगों ने उनके डांस स्टेप्स में विनोद खन्ना की झलक देखी। इसी तरह, रणबीर कपूर का बेमिसाल अभिनय और सहज आकर्षण हमेशा उनके दिवंगत पिता ऋषि कपूर की याद ताजा कर देता है।

दूसरी तरफ, इब्राहिम अली खान को देखकर सैफ अली खान के शुरुआती दिनों की छवि साफ नजर आती है। इसके अलावा, अभिषेक बच्चन में अमिताभ बच्चन जैसी दमदार शख्सियत और टाइगर श्रॉफ में जैकी श्रॉफ का अनूठा स्टाइल आज भी विरासत की गवाही देता है। ये जोड़ियां समय-समय पर यह साबित करती हैं कि कुछ आदतें, हाव-भाव और व्यक्तित्व की खूबियां वाकई पीढ़ी-दर-पीढ़ी विरासत में मिलती हैं।

शो में ‘सचिन’ और ‘लक्ष’ का अनोखा रिश्ता
‘उड़ने की आशा’ का हालिया पोस्ट-लीप ट्रैक भी इसी अनोखे रिश्ते को पर्दे पर उतार रहा है। शो में सात साल के लीप के बाद देशमुख परिवार में ‘लक्ष’ नाम के बच्चे की एंट्री हुई है। उसका बेफिक्र अंदाज़, शरारतें और अपनी बात पर अड़े रहने का ज़िद्दी रवैया उसे हूबहू सचिन जैसा बनाता है।

कहानी का सबसे दिलचस्प मोड़ यही है कि जहां टीवी स्क्रीन के सामने बैठे दर्शक इन दोनों के हाव-भाव में छिपी समानता को तुरंत पकड़ लेते हैं, वहीं सचिन और लक्ष खुद इस बात से पूरी तरह अनजान हैं कि उनके बीच असल में खून का रिश्ता है। किस्मत का यह अनोखा खेल आगे क्या मोड़ लेगा, यह देखना बेहद रोमांचक होगा।
यह नया ड्रामा देखने के लिए बने रहिए ‘उड़ने की आशा’ के साथ, हर रोज रात 8:30 बजे, सिर्फ स्टार प्लस पर और कभी भी जियोहॉटस्टार पर।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

