नई दिल्ली/अदिति सिंह । भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुग ने जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर के राज्य के दर्जे के मुद्दे पर किसी विदेशी नेता का नाम लेकर इसे अंतरराष्ट्रीय रंग देने का प्रयास अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, गैर-जिम्मेदाराना और देश के हितों के विपरीत है।
तरुण चुग ने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य अंग है तथा इससे जुड़े सभी विषयों का समाधान केवल भारतीय संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं और देश की संप्रभु व्यवस्था के अंतर्गत ही होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार कई बार स्पष्ट कर चुकी है कि उचित समय पर जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने की अपनी प्रतिबद्धता पर वह पूरी तरह कायम है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार भारत के आंतरिक मामलों में किसी भी प्रकार के विदेशी हस्तक्षेप को कभी स्वीकार नहीं करेगी। लोकतांत्रिक संस्थाओं पर भरोसा करने के बजाय बाहरी शक्तियों की ओर देखना राजनीतिक दिवालियापन का परिचायक है और यह जम्मू-कश्मीर के हितों के भी प्रतिकूल है।
अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद जम्मू-कश्मीर में अभूतपूर्व परिवर्तन
चुग ने कहा कि अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद जम्मू-कश्मीर में लोकतंत्र, विकास, सुशासन, पारदर्शिता और पर्यटन के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन देखने को मिला है। रिकॉर्ड निवेश, आधुनिक आधारभूत संरचना का विकास, पर्यटन में लगातार वृद्धि तथा जमीनी स्तर पर लोकतांत्रिक सशक्तिकरण इस बदलाव के स्पष्ट प्रमाण हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जो राजनीतिक दल दशकों तक परिवारवाद और अलगाववाद की राजनीति के सहारे जनता को गुमराह करते रहे, वे आज अपनी विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए नए-नए विवाद खड़े कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर की जनता अब विकास, रोजगार, निवेश और बेहतर शासन चाहती है, न कि पुराने राजनीतिक छलावे।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया
नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायकों को लेकर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला (Chief Minister Omar Abdullah) द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए तरुण चुग ने कहा कि ऐसे बयान उनकी अपनी पार्टी और नेतृत्व के प्रति असुरक्षा की भावना को दर्शाते हैं। लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सम्मान करने के बजाय निराधार आरोप लगाना उनकी राजनीतिक हताशा को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर की जनता अलगाववाद, भ्रम और वंशवादी राजनीति को पूरी तरह नकार चुकी है तथा शांति, विकास, लोकतांत्रिक सशक्तिकरण और राष्ट्रीय एकीकरण के मार्ग पर आगे बढ़ने का दृढ़ संकल्प कर चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर विकास और प्रगति की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, जिसे कोई भी भ्रामक राजनीतिक अभियान रोक नहीं सकता।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

