नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली स्थित प्रेस क्लब में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में ‘नवयुवक दल’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष भरत कात्यायन ने देश के वर्तमान राजनीतिक व सामाजिक घटनाक्रम पर संगठन का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि हमारा देश संविधान के सिद्धांतों से संचालित होता है और छात्रों के हर शांतिपूर्ण व लोकतांत्रिक आंदोलन का पूर्ण सम्मान किया जाना चाहिए। हालांकि, उन्होंने जोर देकर कहा कि छात्र हितों की आड़ में चलाए जा रहे राजनीतिक और अराजक एजेंडे को पूरी ताकत के साथ बेपर्दा करना भी आज के युवाओं का परम दायित्व है।
भरत कात्यायन ने स्पष्ट किया कि नीट (NEET) पेपर लीक जैसे अत्यंत संवेदनशील मुद्दे पर निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए एक मजबूत व पारदर्शी व्यवस्था का होना बेहद जरूरी है। संगठन पूरी तरह से देश के छात्र समुदाय के साथ खड़ा है, लेकिन छात्रों के नाम पर देश की संसद के आसपास पनप रही अराजक आवाजों को दबाना भी आज के जागरूक युवाओं की जिम्मेदारी है।
‘संसद चलो’ आंदोलन के दौरान उठी अराजकता की निष्पक्ष जांच हो
नवयुवक दल के अध्यक्ष ने कहा कि उनका संगठन पिछले कई दिनों से कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन की गतिविधियों पर बारीकी से नज़र रखे हुए था। उनके अनुसार, ‘संसद चलो’ प्रदर्शन के दौरान सामने आईं तस्वीरों, वीडियो और बयानों ने देश के सामने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रदर्शन के दौरान महिला पत्रकारों, आम महिलाओं, बच्चियों या 100 से ज्यादा पुलिसकर्मियों के साथ हिंसा व दुर्व्यवहार हुआ है और आंदोलन समाप्त होने के बाद भी सुरक्षा बलों को निशाना बनाया जा रहा है, तो इसकी कानून के मुताबिक निष्पक्ष जांच होनी ही चाहिए, क्योंकि देश की सुरक्षा और मर्यादा सबसे ऊपर है।
धार्मिक टिप्पणियों, फंडिग और देशविरोधी तत्वों की भूमिका पर उठे सवाल
भरत कात्यायन ने आरोप लगाया कि CJP के आंदोलन के दौरान कथित तौर पर कुछ हिंदू विरोधी नारे लगाए गए, धार्मिक प्रतीकों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं और कई विवादित छात्र संगठनों व बाहरी समूहों की मौजूदगी देखी गई। इससे स्पष्ट हो रहा है कि आंदोलन अराजकता की दिशा में बढ़ रहा है।
भरत कात्यायन की प्रमुख मांगें:
- जांच और वित्तीय पारदिर्शिता: आंदोलन के आयोजन, इसके वित्तीय स्रोतों (Funding) तथा इसमें शामिल विभिन्न संस्थाओं और व्यक्तियों की भूमिका की सक्षम एजेंसियों द्वारा निष्पक्ष जांच कराई जाए।
- कठोर कानून का क्रियान्वयन: केंद्र सरकार 2024 के एंटी-पेपर लीक कानून को और अधिक प्रभावी बनाए ताकि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रह सके।
- न्यायिक निष्कर्ष: सभी विषयों पर अंतिम निष्कर्ष केवल सक्षम जांच एजेंसियों और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर ही निकाला जाना चाहिए।
26 जुलाई कारगिल विजय दिवस पर देशभर में निकलेगा कैंडल मार्च
नवयुवक दल के अध्यक्ष ने कहा कि भारत का युवा अपने प्रेरणास्रोत और आदर्श स्वयं चुनना जानता है। यदि कुछ संगठन छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक रंग दे रहे हैं, तो नवयुवक दल इसका जवाब एक सकारात्मक और राष्ट्रभक्ति से भरे अभियान से देगा।
इसी उद्देश्य से 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देशभर में कैंडल मार्च निकालकर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी जाएगी।
उन्होंने कहा, “हम यह स्पष्ट संदेश देना चाहते हैं कि भारत की Gen Z पीढ़ी के असली नायक वे वीर सैनिक हैं जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपनी जान न्योछावर कर दी। कैप्टन विक्रम बत्रा (24 वर्ष), कैप्टन मनोज कुमार पांडेय (24 वर्ष), कैप्टन अनुज नैय्यर (23 वर्ष), कैप्टन सौरभ कालिया (22 वर्ष), लेफ्टिनेंट विजयंत थापर (22 वर्ष), कैप्टन हनीफ उद्दीन (25 वर्ष), मेजर मरियप्पन सरवनन (26 वर्ष) और कारगिल के सभी 527 अमर बलिदानी हमारे युवाओं की वास्तविक प्रेरणा हैं।”
यह कैंडल मार्च दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक (National War Memorial) के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और देश के विभिन्न राज्यों में नवयुवक दल और युवा साथियों द्वारा निकाला जाएगा।
26 जुलाई तक आंदोलन खत्म न होने पर 29 जुलाई को लखनऊ में प्रदर्शन
भरत कात्यायन ने चेतावनी दी कि यदि 26 जुलाई तक CJP का वर्तमान आंदोलन समाप्त नहीं होता है, तो नवयुवक दल 29 जुलाई को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में युवाओं के सहयोग से एक विशाल लोकतांत्रिक प्रदर्शन करेगा।
उन्होंने बताया कि संगठन का मूल उद्देश्य देश के युवाओं को दिग्भ्रमित होने से बचाना, छात्रों के अधिकारों की रक्षा करना और राष्ट्रहित के मुद्दों पर सकारात्मक जनजागरण अभियान चलाना है। अंत में उन्होंने देश के सभी छात्र व युवा संगठनों से शिक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, सुरक्षित भविष्य और राष्ट्रीय एकता के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

