जकार्ता। दक्षिणी फिलीपींस में सोमवार सुबह 7.8 तीव्रता का तेज भूकंप आया है। इस भूकंप के बाद इंडोनेशिया, फिलीपींस और जापान के कई तटीय इलाकों में सुनामी की शुरुआती चेतावनी जारी कर दी गई है। अधिकारियों ने लोगों को तुरंत ऊंचे सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। फिलहाल बड़े नुकसान या जान-माल की हानि की कोई पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इलाके में झटके महसूस किए गए हैं।
भूकंप का केंद्र और ताकत
फिलीपींस के ज्वालामुखी और भूकंप विज्ञान संस्थान के मुताबिक, यह भूकंप सुबह 7:37 बजे स्थानीय समय पर आया। इसकी गहराई 33 किलोमीटर थी। भूकंप का केंद्र मिंडानाओ द्वीप के सारंगानी प्रांत में मआसिम शहर के तट से 32 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम समुद्र में था। मिंडानाओ फिलीपींस का दूसरा सबसे बड़ा द्वीप है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भूकंप से कुछ इमारतों को नुकसान पहुंचा है और कई जगह बिजली गुल हो गई। आसपास के प्रांतों में भी झटके महसूस किए गए।
सुनामी चेतावनी जारी
इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भूभौतिकी एजेंसी ने पूर्वोत्तर इंडोनेशिया के तटीय इलाकों के लिए सुनामी चेतावनी जारी की है। फिलीपींस के संस्थान ने नौ तटीय प्रांतों के लिए अलर्ट दिया है। लोगों को तुरंत तट से दूर जाने या ऊंचे जगहों पर पहुंचने को कहा गया है।
अनुमान है कि सुनामी की पहली लहरें सोमवार सुबह पहुंच सकती हैं और इसका असर कई घंटों तक रह सकता है।
जापान की मौसम एजेंसी ने भी सतर्कता बरती है। उन्होंने जापान के पूर्वी प्रशांत तट के इबाराकी प्रांत से लेकर दक्षिण में ओकिनावा द्वीप तक के इलाकों के लिए सुनामी चेतावनी जारी की है।
रिंग ऑफ फायर में स्थित क्षेत्र
फिलीपींस ‘रिंग ऑफ फायर’ नामक भूकंपीय पट्टी पर स्थित है, जहां टेक्टोनिक प्लेटों की सीमाएं मिलती हैं। इस वजह से यहां अक्सर भूकंप और ज्वालामुखी गतिविधियां होती रहती हैं। यह क्षेत्र दुनिया के सबसे ज्यादा भूकंपीय सक्रिय इलाकों में गिना जाता है।
अभी तक इंडोनेशिया और फिलीपींस दोनों देशों में किसी बड़े नुकसान या मौत की खबर नहीं आई है। अधिकारियों का कहना है कि भूकंप के केंद्र के पास के इलाकों में झटके काफी तेज थे। स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

