अबू धाबी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) के भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर दुनियाभर के नेताओं की ओर से उन्हें बधाइयां मिल रही हैं। गुरुवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए पीएम मोदी को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने विश्वास जताया कि व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत भारत-यूएई संबंध और मजबूत होंगे।
शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मैं अपने मित्र नरेंद्र मोदी को आधुनिक भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित सरकार प्रमुख रहने का रिकॉर्ड बनाने पर बधाई देता हूं। मैं उन्हें भारत को नई सभ्यतागत उपलब्धियों की ओर ले जाने के लिए शुभकामनाएं देता हूं। दोनों देशों की जनता की समृद्धि और विकास के लिए किए गए संयुक्त प्रयासों की बदौलत हाल के वर्षों में यूएई-भारत संबंधों में गुणात्मक बदलाव आया है। मुझे विश्वास है कि व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत आने वाले समय में ये संबंध और मजबूत होंगे।”
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने भी पीएम मोदी को बधाई देते हुए कहा कि भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को आगे बढ़ाने में उनके साथ काम करना सुखद अनुभव रहा है।
उन्होंने एक्स पर लिखा, “भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर नरेंद्र मोदी को बधाई। भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते को साकार करने के लिए आपके साथ काम करना मेरे लिए खुशी की बात रही है। आने वाले वर्षों में दोनों देशों के बीच सहयोग और मजबूत होगा।”
ताइवान के राष्ट्रपति लाई चिंग-ते ने एक्स पर लिखा, “भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लोकतांत्रिक तरीके से निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई। यह उपलब्धि भारतीय जनता के आपके नेतृत्व पर विश्वास को दर्शाती है। ताइवान भारत के साथ अपनी साझेदारी को और मजबूत करता रहेगा।”
जापान के पूर्व प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने भी पीएम मोदी को प्रधानमंत्री पद पर 4,000 दिन से अधिक का कार्यकाल पूरा करने पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि जल्द ही आपसे फिर मुलाकात की उम्मीद है।
ऑस्ट्रिया के फेडरल चांसलर क्रिश्चन स्टॉकर ने एक्स पोस्ट में पीएम मोदी को बधाई देते हुए कहा, आपके नेतृत्व में भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक और ऑस्ट्रिया तथा यूरोपीय संघ का एक बहुत मजबूत सहयोगी बनकर उभरा है।”
वहीं, बलूचिस्तान गणराज्य के आधिकारिक प्रतिनिधि मीर यार बलूच ने एक्स पर पोस्ट किया, बलूचिस्तान गणराज्य भारत के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने पर हार्दिक बधाई देता है। बलूचिस्तान गणराज्य भारत के साथ रचनात्मक संबंध स्थापित करने और क्षेत्रीय लोगों के लिए शांति, समृद्धि और सुरक्षा में योगदान देने वाली साझेदारी के अवसरों का पता लगाने के लिए तत्पर है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

